पत्रकार का आरोप कि ‘दीपक जलाने वाली जनता मूर्ख’ कहने वाले सपा नेता ने ख़बर छापने पर किया अपशब्दों का प्रयोग

शरदेन्दु मिश्र ‘राहुल’, बघौली

हरदोई सपा जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा जीतू ने लाॅकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दीपक जलाने की अपील को लेकर बेहूदा बयान दिया था । बड़बोले सपा जिलाध्यक्ष ने ‘दीपक जलाने वाली जनता की तुलना मूर्ख से’ अपनी फेसबुक पोस्ट द्वारा की थी । इसी पोस्ट को लेकर पत्रकार शरद द्विवेदी द्वारा खबर का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र में किया गया था ।

खबर प्रकाशित होने पर बेलगाम सपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा जीतू आपे से बाहर हो गये । उसके बाद संबंधित पत्रकार के विरुद्ध सपा जिलाध्यक्ष ने ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया । खबर प्रकाशन को लेकर स्थानीय पत्रकार की तुलना अपने जूते से कर डाली व धमकी भी दी कि यदि वह सपा के कार्यालय के आसपास तक दिखे तो बहुत बुरा परिणाम होगा ।

ज्ञात हो कि पत्रकार ब्राह्मण समाज से आता है और इस नाते गैरमर्यादित टिप्पणी को लेकर जनपद के पत्रकार समाज सहित ब्राह्मण संघटनों में भी रोष व्याप्त है । सपा जिलाध्यक्ष की अमर्यादित टिप्पणी के मैसेज शाम तक वायरल होने पर ब्राह्मण समाज भी सपा जिलाध्यक्ष के विरोध में लामबन्द होने लगा । ब्राह्मण समाज द्वारा जितेन्द्र वर्मा जीतू को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के साथ पार्टी से निष्काषित करने की मांग भी उठने लगी । ज्ञात हो कि पूर्व में भी सपा जिलाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा जीतू द्वारा अशोभनीय समाज विरोधी विवादित टिप्पणी की जाती रही है ।