जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। आज दोपहर शिमला में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में श्री ठाकुर को विधायक दल का नेता चुना गया। श्री ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री शान्ताकुमार, प्रेम कुमार धूमल, केन्द्रीय पर्यवेक्षकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ राजभवन जाकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने श्री जयराम ठाकुर को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।
सन् 1998 से जयराम ठाकुर मंडी जिले में सिराज क्षेत्र से हिमाचल विधानसभा के लिए लगातार निर्वाचित होते आ रहे हैं। 6 जनवरी, 1965 को जन्मे जयराम ठाकुर मंडी जिले में गांव तांडी के निवासी हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्नातक जयराम ठाकुर कॉलेज के समय से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जु्ड़ गए। वे सन् 2006 से 2009 तक राज्य भाजपा अध्यक्ष भी रहे। सन् 2007 से 2012 तक तत्कालीन भाजपा सरकार में वे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज्य मंत्री भी रहे।