रेतीले सोने की खुले आम हो रही लूट, एक ट्रैक्टर ट्राली सीज

सोचने वाली बात यह है कि मौके पर जाकर देखने पर आधा दर्जन ट्रैक्टर और ट्रॉली दिख लेकिन हाथ आया सिर्फ एक । पुलिस पैदल तो गयी नहीं होगी और न ही साइकिल से, जो ट्रैक्टर की गति से मात खा जाते । आप भी सोचिए कि मामला क्या हो सकता है ?           


कछौना- थाना क्षेत्र में इन दिनों खनन माफिया सक्रिय है खुले आम रेतीले सोने को लूटने में लगे हुए हैं । शाम का अंधेरा होते ही माफिया सक्रिय हो जाते हैं और शारदा नहर से बालू खनन कर बालू को महंगे दामों में खुलेआम बेच देते हैं ।

बीती रात को थाना क्षेत्र के उक्त गांव के सामने नहर में खनन कर रहे ट्रैक्टर ट्राली को स्थानीय पुलिस ने दौड़ाया जिसमे से एक ट्राली को ही पकड़ सके । शेष तीन चार ट्राली चालक ले कर भाग निकले । पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्राली खजोहना निवासी मोहम्मद वसीम पुत्र नौशाद की बताई जाती है । उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शारदा नहर से अवैध बालू खनन का कार्य अरसे से खुलेआम होता चला आ रहा है । मौके पर जाकर देखा तो लगभग आधा दर्जन ट्रैक्टर ट्राली शारदा नहर में बालू भर रहे थे । जिनमें से एक  ट्रैक्टर ट्राली को पकड़कर सीज कर सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है । शेष चालक लेकर फरार हो गए । जिन की तलाश की जा रही है । खास बात यह है कि क्षेत्र में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन, बालू खनन और मादक पदार्थों की बिक्री खुले आम हो रही है । स्थानीय लोगों की मानें तो यह सब धंधे पुलिस की शय के बिना नहीं किए जा सकते हैं । बीते 4 दिन पहले हरदासपुर गांव में फावड़े से खोदकर खेत से मिट्टी उठा रहे किसान के दो ट्रैक्टर ट्राली भी पुलिस ने सीज कर दिए थे । कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा ।