नकल रोकने के लिए प्रदेश सरकार व उनके विभाग के मंत्री व डिप्टी सीएम भले ही जी तोड़ मेहनत कर रहे हो लेकिन शातिरों ने नकल कराने के लिए भी कमर कस रखी है। एक केंद्र व्यवस्थापक तो बहुत आगे निकल गए। उन्होंने सेंटर दूसरी जगह न लगे इसके लिए एक छात्र को पुरुष की जगह महिला बना दिया। सेक्टर मजिस्ट्रेट की जांच में मामला खुल गया तो केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामला बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र का है। यहां के नरपति सिंह इंटर कालेज में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं चल रही है। इसी परीक्षा में सेक्टर मजिस्ट्रेट के दायित्व का निर्वहन कर रहे जीआईसी टड़ियावां के जगदीश चन्द्र परीक्षा के दौरान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। केंद्र पर कक्ष संख्या 11 में एक छात्र आशीष कुमार पुत्र श्रीराम सन्दिग्ध लगा तो जांच हुई जिसमें चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां पता चला कि जो छात्र यहां परीक्षा दे रहा है उसका सेंटर बीजीआरएम स्कूल बिलग्राम में लगा है लेकिन केंद्र व्यबस्थापक ने छात्र को पुरुष से महिला बनाकर उसको स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली का लाभ पहुंचा रहे थे।मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध एफआईआर बिलग्राम कोतवाली में दर्ज कराई है।