तिलक समारोह में किशोर को लगी गोली लखनऊ रेफर, पिता ने लगाया गांव के ही युवक पर जान से मारने का आरोप

       एक तिलक समारोह में किशोर को सन्दिग्ध अवस्था मे गोली लग गयी।मामले में किशोर के पिता की तहरीर पर जानलेवा हमले की एक युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है और किशोर को गंभीर अवस्था मे लखनऊ के लिए जिला अस्पताल से रिफर किया गया है।
       शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हिरौली कुतुब नगर में रामनरेश के पुत्र आकाश का तिलक समारोह था।इसी तिलक में शामिल होने के लिए गांव का ही 15 वर्षीय किशोर संतोष पुत्र रविंद्र भी गया।तिलक के दौरान ही संतोष को गोली लग गयी जिससे वह घायल होकर गिर गया जिससे वहां अफरातफरी मच गई।घायल किशोर को उसके परिजन शाहाबाद सीएचसी ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
       जिला अस्पताल में चिकित्सक ने किशोर की हालत नाजुक देख लखनऊ रिफर कर दिया।वहीं मामले में किशोर के पिता ने गांव के ही ओमकार पुत्र रामनरेश के विरुद्ध अपने पुत्र को पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने के लिए तमंचे से सीने में फायर करने का आरोप लगा कर कोतवाली शाहाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है।