कछौना में मासूम की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य महकमा

दीपक कुमार श्रीवास्तव –

कछौना (हरदोई) – विकासखंड कछौना क्षेत्र के गाँवों में साफ-सफाई, जनमानस में जागरूकता व स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में वायरल फीवर का प्रकोप थमने का नाम नही ले रहा है । यही कारण है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पर प्रतिदिन ओपीडी में चिकित्सा व परामर्श के लिए आने वाले अधिकतर लोग वायरल फीवर से संक्रमित पहुंच रहे हैं । वायरल बुखार का जोखिम बच्चों, बुजुर्गों और जटिल रोगों से पीडि़त लोगों में अधिक होता है । वहीं साफ-सफाई व जागरूकता के अभाव में वायरल बुखार ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से पांव पसार रहा है ।

ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मियों की मनमानी व शिथिल कार्य शैली के चलते व्याप्त गंदगी के कारण अधिकतर ग्रामीण वायरल संक्रमण के शिकार हो रहे हैं । बुधवार को विकासखंड कछौना की ग्रामसभा त्यौरी मतुआ के ग्राम बनियन-खेड़ा निवासी राजू गुप्ता के 8 वर्षीय पुत्र कृष्णा गुप्ता की अचानक तेज सिर दर्द के बाद उल्टी और फिर मुंह से झाग निकलने के उपरांत इलाज के लिए ले जाते वक्त असमय मृत्यु हो गई । कृष्णा गुप्ता गांव बनियन-खेड़ा के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 का छात्र था । अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया । वही इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमा कुंभकर्णी नींद से जागते हुए हरकत में आ गया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक किसलय बाजपेई के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम गठित की गई जिसने गुरुवार को गांव में पहुंचकर गांव के लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर खून की जांच की । इस दौरान अधिकतर मामले वायरल बुखार से संक्रमण और महिलाओं में खून की कमी के प्रकाश में आए । स्वास्थ्य टीम ने वायरल से संक्रमित लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क दवाइयां दी और बुखार से बचाव के तरीके भी बताए । स्वास्थ्य टीम ने वायरल के संक्रमण से प्रभावित लोगों से कहा कि वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आकर नियमित रूप से इलाज कराएं ताकि उन्हें बीमारी से निजात मिल सके ।