बन्दरों की समस्या दूर होगी और निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांव मे विद्युत आपूर्ति कराई जायेगी – जितिन प्रसाद

गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण हो और खाने में भूसा के साथ हरा चारा अवश्य दिया जाये - श्री प्रसाद

लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने आज जनपद भ्रमण के दूसरे दिन अपने समूह के सदस्य राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास स्वतंत्र प्रभार श्री कपिल देव अग्रवाल एवं राज्य मंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा मातृ शिशु कल्याण श्री मयंकेश्वर शरण सिंह के साथ ब्लाक बावन की ग्राम पंचायत कौढ़ा में स्थित निराश्रित गौशाला के निरीक्षण के दौरान गो माता की पूजा की तथा माला पहनाकर गुड़ खिलाने के बाद भूसा, हरा चारा, पानी, विद्युत आदि व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

गौशाला के निरीक्षण में मंत्री जितिन प्रसाद ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं सचिव को निर्देश दिये कि गौवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ खाने में भूसा के साथ हरा चारा अवश्य दें और गौशाला की सफाई पर विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री ने निर्देश दिये कि शहर एवं गांवों में टैग लगा एक भी गोवंश घूमता मिलना नहीं चाहिए और सड़कों तथा चौराहों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंशों को प्रशासन के सहयोग से पकड़वाकर गोशालाओं में पहुंचायें। इसके उपरान्त मंत्रियों ने ग्राम कौढ़ा के संविलियन विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री कपिल देव तथा श्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने एक बच्चे की गोद भराई की तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा को निर्देश दिये कि समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत गर्भवती एवं बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ निर्धारित समय पर पोषाहार का वितरण करायें।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री जी ने आंगनबाड़ी केन्द्र पर पंजीकृत बच्चों के रजिस्टर तथा पोषाहार वितरण की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को निर्देश दिये कि कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों की देखरेख में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाये और प्रतिदिन उनके घर जाकर देखें और उनके अभिभावकों को बच्चे को साफ-सुथरा रखने के साथ पोषक आहार खिलाने हेतु प्रेरित करें तथा गंभीर बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करायें। इसके बाद मंत्रियों ने संविलियन विद्यालय में कक्षा तीन की छात्राओं से गणित के सवाल लगवायें जो उन्होने सही लगाये इस पर मंत्रियों ने बच्चों एवं शिक्षकों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने शिक्षकों से कहा कि बच्चे देश का भविष्य है, इसलिए बच्चों को शिक्षा उच्च स्तर की देकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनायें।

इस अवसर पर विद्यालय में उपस्थित ग्रामीणों ने मंत्री जी को बताया गांव में बन्दरों काफी आंतक है और विद्युत आपूर्ति नियमित होती है, इस पर लोक निर्माण मंत्री ने ग्रामवासियों को आश्वासन दिया कि वन के माध्यम से शीघ्र बन्दरों की समस्या दूर कराई जायेगी और निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांव मे विद्युत आपूर्ति कराई जायेगी।

गौशाला, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, नगर मजिस्ट्रेट डा० सदानन्द गुप्ता, एसडीएम सदर स्वाती शुक्ला, जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।