योगी मन्त्रिमण्डल का विस्तार, जितिन प्रसाद सहित सात नये चेहरे मन्त्रिपरिषद् में शामिल

उत्‍तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व वाली मंत्रिपरिषद का आज विस्‍तार किया गया। श्री जितिन प्रसाद सहित सात नए चेहरे मंत्रिपरिषद में शामिल किए गये। राज्‍यपाल आनंदी बेन पटेल ने लखनऊ में राजभवन में शाम को नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री और मंत्रिमंडल के अन्‍य सदस्‍य भी मौजूद थे। हमारे लखनऊ संवाददाता ने बताया कि राज्‍य के विधानसभा चुनावों से पहले मंत्रिपरिषद विस्‍तार को महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।

जिनको आज राजभवन में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई वे हैं जितिन प्रसाद, छत्रपाल गंगवार, पल्टू राम, डॉ संगीता बलवंत, संजीव कुमार, दिनेश खटीक और धर्मवीर सिंह। जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। शेष छह को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। अब जब विधानसभा चुनाव में छह महीने से भी कम का समय रह गया है, इस मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी चुनावों के मद्देनजर एक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इस विस्‍तार में सामाजिक समीकरणों और सरकार की लोकप्रियता को बनाए रखते हुए समाज के सभी वर्गों पिछड़े अनुसूचित जाति और दलितों को महत्‍व और वरीयता दी गई है।