किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

हरदोई। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन के माध्यम से कोथावां क्षेत्र के पिपरी व बेनीगंज क्षेत्र के महादेवा रेलवे फाटक से गुजरे जर्जर व कच्चे मार्ग के निर्माण के साथ दबंगों द्वारा अवैध कब्जा को मुक्त कराने की मांग की गई है।

संडीला तहसील परिसर में एसडीएम संडीला देवेंद्र पाल सिंह से मिलकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा ने क्षेत्रीय किसानों की कई समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्हें लिखित ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बेनीगंज देहात के मजरा अल्लीपुर गांव में पशुचर की जमीन की खुदाई भू- माफिया कर रहे हैं। इस पर रोक लगाई जाने संबंधी वार्ता हुई। इसके साथ- पट्टी मढ़पाई के मध्य ग्राम पंचायत सिकंदरपुर गुरुद्वारा के समीप टूटी पुलिया का निर्माण कराया जाने, बेनीगंज देहात के नयापुरवा में जलभराव की समस्या को दूर करने करने के लिए नाला निर्माण कराए जाने, बेनीगंज के बेलहैया सड़क मार्ग पर नाला निर्माण कराए जाने, ग्राम पंचायत मुठिया के मजरा रामपुर में समस्या जलभराव की है उस पर सीसी मार्ग का चौड़ीकरण एवं पटान सहित कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाने सहित करीब एक दर्जन कृषक व जनमानस की समस्याओं के निस्तारण की मांग संबंधी ज्ञापन एसडीएम संडीला महोदय को सौंपे हैं।

भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के जिलाध्यक्ष पुनीत मिश्रा ने यह भी कहा कि सबसे बड़ी समस्या तो यह है कि किसानों की समस्याओं को लेकर जिले के आला अधिकारी सुनते नहीं हैं जिससे किसान परेशान हैं। अधिकारी जमीन पर किसानों की समस्याओं को दूर नहीं कर पा रहें हैं। उन्होंने कहा कि जब किसानों की समस्याओं का जब निस्तारण होगा तभी क्षेत्र और देश में खुशहाली आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। कई बार एसडीएम महोदय को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उस ओर कोई भी रूस एवं प्रभावी कदम प्रशासन द्वारा नहीं उठाए गए हैं। हमेशा समस्याओं के जल्द से जल्द निस्तारण का झूठा आश्वासन ही दिया जाता रहा है। पूर्व की भांति इस बार भी उपजिलाधिकारी संडीला द्वारा उक्त पत्रों को संज्ञान लेकर आश्वासन देते हुए कहा है कि किसानों की समस्याओं को नियमानुसार जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा।

–दीपक श्रीवास्तव