हाईकोर्ट ने भाजपा हरदोई को एक बड़ा झटका दिया है।जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर काबिज होने का सपना संजोए भाजपा के अरमानों पर पानी फेरते हुए यहां अध्यक्ष मीरा अग्रवाल के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार बहाल कर दिये।कोर्ट के आदेश के बाद मीरा अग्रवाल ने एक बार फिर सत्ता हथिया ली जिससे सपा खेमे में खुशी की लहर देखने को मिली।
कुछ दिन पूर्व भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी हरदोई से सपा सांसद नरेश अग्रवाल की करीबी और हरदोई जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा अग्रवाल को निलंबित कर दिया गया था साथ ही निलंबन के बाद से मीरा अग्रवाल के सारे अधिकार सीज कर दिए गए थे। गौरतलब है पिछले दिनों हरदोई डीएम शुभ्रा सक्सेना ने उत्तर प्रदेश शासन को भेजे एक रिपोर्ट में हरदोई जिला पंचायत में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था और जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भी की थी।मामले में हुई शिकायत के बाद डीएम हरदोई की रिपोर्ट को संज्ञान लेते हुए अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव पंचायती राज मीरा अग्रवाल के निलंबन का आदेश जारी किया।निलंबन आदेश की प्रति हरदोई जिले में पहुंचने के बाद से ही जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा अग्रवाल के सारे अधिकारों पर रोक लगा दी गई थी।
मामले को लेकर मीरा अग्रवाल ने हाईकोर्ट का सहारा लिया और अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि एक तरफा जांच हुई जिसके बाद कोर्ट ने मामले को सुना और फिर वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार बहाल करने के आदेश दिये जिसके बाद खुशी का माहौल छा गया।गुरुवार को दोपहर के बाद मीरा अग्रवाल ने जिला पंचायत पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया और अपनी जीत सत्य की जीत बताई।