किसान, गरीब, असहाय एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाये :- राजपाल कश्यप

                  उ0प्र0 विधान परिषद नियम पुनरीक्षण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद डा0 राजपाल कश्यप की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श सम्बन्धी बैठक का आयोजन किया गया।
                बैठक में अध्यक्ष ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि विधान परिषद एवं समिति से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर करें और अगर किसी शिकायत के निस्तारण में कोई दिक्कत आती है तो समिति को अवगत करायें उसके निस्तारण के सम्बन्ध में समिति के मध्य विचार किया जायेगा। उन्होने अधिकारियों से कहा कि किसान देश का अन्नदाता है इसलिए किसान, गरीब, असहाय एवं जन प्रतिनिधियों की समस्याओं का निस्तारण त्वरित किया जाये। सण्डीला में स्थापित पेप्सी फैक्ट्री के सम्बन्ध में उन्होने कहा कि फैक्ट्री स्थापित होने से पास के गांवों के जल स्तर में गिरावट तो नही आयेगी। इस पर उपायुक्त उद्योग केन्द्र लाल जीत सिंह ने बताया कि सारी औपचारिकता पूर्ण होने पर ही फैक्ट्री को अनुमति दी गयी है। सण्डीला की अन्य फैक्ट्रियों से निकलने वाले बदबूदार पानी से आने जाने वालो को हो रही दिक्कत के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदूषण विभाग सेे इसकी जांच करायी जायेगी।
                गन्ना किसानों की परेशानी के सम्बन्ध में अध्यक्ष ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिये कि जिन किसानों का गन्ना खेत में खड़ा है उनकी पर्ची शीघ्र जारी की जाये। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि इस बार जनपद में गन्ने की पैदावार 25 प्रतिशत अधिक हुई है तथा किसानों का गन्ना जब समाप्त नही होगा तब तक गन्ना मिले चलेगी। पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने कहा कि जिले में बाहरी जिलों से सट्टेबाजों के तहत गन्ना जिले की मिलों में लाया जा रहा है। इस पर अध्यक्ष ने भी सहमति व्यक्त करते हुए गन्ना अधिकारी को निर्देश दिये अन्य जनपदों से आने वाले गन्नें को रोका जाये तथा सट्टेबाजों पर सख्त कार्यवाही की जाये।
                 जनपद के पर्यटन स्थलों के सम्बन्ध में अध्यक्ष ने कहा कि धर्म स्थलों एवं पर्यटन स्थलों के मार्गो को जिला पंचायत विभाग के माध्यम से मेन रोडो से जोड़ा जाये ताकि पर्यटकों एवं मंदिरों में जाने वाले भक्तों को परेशानी न हो। अध्यक्ष ने कहा कि जनपद के किसी पूर्व विधान परिषद सदस्य आदि की मृत्यु होने पर बीडीसी बैठक में शोक प्रस्ताव अवश्य पारित किया जायें। गेहूं खरीद के सम्बन्ध में अध्यक्ष ने निर्देश दिये कि किसानों का गेहूं प्राथमिकता पर खरीदा जाये तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाये। किसान दृर्घटना बीमा के सम्बन्ध में उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पीड़ित परिवार को दुर्घटना बीमा का लाभ समय से दिलाया जाये। उन्होने कहा कि ब्लाक स्तर पर होने वाली बैठकों में समिति के सदस्यों को अवश्य बुलाया जाये तथा विधान परिषद सत्र के दौरान बैठक न की जाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित खरे ने अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि समिति के द्वारा दिये निर्देशों का पालन प्राथमिकता पर कराया जायेगा तथा विकास कार्यो को भी समय से पूरा कराया जायेगा। बैठक में सदस्य श्री मिसबहाउद्दीन सहित अन्य सदस्य, पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 पी0एन0चतुर्वेदी, अपर पुलिस अधीक्षक निधि सोनकर, उप कृषि निदेशक आशतोष मिश्र, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्लूडी,डीसी मनरेगा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।