कटरी इलाके के छः मार्गों का कायाकल्प किये जाने का रास्ता साफ 

सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के कटरी इलाके के छः मार्गों का कायाकल्प किये जाने का रास्ता साफ हो गया है। क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह के प्रस्ताव पर शासन ने छः कार्यों को मंजूरी दे दी है। कार्यों को कराए जाने के लिए 294.87 लाख का बजट भी आवंटित कर दिया है।

जिले के कटरी क्षेत्र के करीब 150 गांवों के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे हैं। सरकार के द्वारा लगातार विकास कार्य कराये जा रहे हैं। ऐसे में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में छः मार्गों को बनवाए जाने के लिए प्रस्ताव दिया गया था।

डीएम एमपी सिंह ने प्रस्ताव का परीक्षण कराते हुए शासन को भेजा था। शासन ने समय से प्राप्त प्रस्ताव में शामिल छह कार्यों के लिए 294.87 लाख की स्वीकृति देते हुए बजट आवंटित कर दिया है। डीएम ने बताया कि बजट प्राप्त हो गया है। छः मार्गों के बनने से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेेगी। कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को चयनित किया गया है। 

कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता से कहा गया है कि वह प्रस्ताव में शामिल कार्यों को कराये जाने से पहले अन्य संस्थाओं और परियोजनाओं से जानकारी कर लेंगे कि उक्त कार्य प्रस्तावित तो नहीं किए गए हैं।