पिछले 9 महीने में किसानों को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक सहायता राशि वितरित की गयी : मुख्यमन्त्री

मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह वर्ष हमने उत्तर प्रदेश के किसानों को समर्पित किया था। पूरे वर्ष किसानों से संबंधित योजनाएं प्रदेश में लागू हुईं और मुझे बताते हुए खुशी है कि पिछले 9 महीने में हमने किसानों को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि सहायता के रूप में वितरित की है । इस दिशा में जिस तरह से भारत सरकार का सकारात्मक सहयोग हमें मिल रहा है, यह उत्तर प्रदेश के किसानों को न सिर्फ एक नई दिशा देगा बल्कि उनकी आय में बढ़ोतरी भी करेगा ।

बायोडीजल के क्षेत्र में अगर भारत सरकार और माननीय धर्मेंद्र जी के सहयोग से उत्तर प्रदेश में चार यूनिटें चार जगहों पर लग जाएं तो किसानों की आय में वृद्धि होगी और उनकी फसल पर भी बुरा असर नहीं पड़ेगा । पहली बार इतनी योजनाएं हम किसानों के लिए लेकर आए हैं। जिस तरह से आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के मंत्रियों का सहयोग हमें मिल रहा है, मुझे भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में जो किसान बदहाल था वह जल्द ही खुशहाल होगा । हमें बैंक की मौजूदा 16 हजार शाखाओं को बढ़ाकर 24 हजार करना होगा । यूपी में आसानी से किसानों को लोन मिल सके और युवाओं को भी स्टैंडअप योजना के तहत लोन मिल सके, इसके लिए भी बैंकों को खड़े होना होगा ।