२५ जनवरी २०२४ के मुख्य समाचार

  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर राष्‍ट्र को सम्‍बोधित किया।
  • राष्‍ट्रपति ने नारी सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है और महिलाएं प्रगति कर रही हैं। उन्‍होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
  • राष्ट्रपति ने कहा दुनिया भारत को आदर से देख रही है और इससे नये अवसर और जिम्‍मेदारियां आई हैं।
  • राष्ट्रपति ने कहा कि विश्‍व मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ रहा है। विभिन्‍न विश्‍व मंचों पर भारत के हस्‍तक्षेप से सकारात्‍मक बदलाव आने शुरू हो गए हैं। उन्‍होंने कहा कि जी-20 की भारत को मिली अध्‍यक्षता लोकतंत्र और बहुस्‍तरीयवाद को प्रोत्‍साहन देने का एक अवसर है। 
  • राष्‍ट्रपति ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाये रखने की आवश्‍यकता पर बल दिया। कहा- सर्वोदय अभियान की सफलता के लिए सरकार की पहल सराहनीय है।
  • उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। आज अपने संदेश में उन्‍होंने कहा कि ये दिन भारतीय संविधान में निहित सभ्‍यता के सदियों पुराने मूल्‍यों पर पूर्ण विश्‍वास करने का अवसर प्रदान करता है।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एन सी सी कैडेटों और एन एस एस स्‍वयंसेवकों के साथ बातचीत में कहा- देश में युवाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्‍ध।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर नयी दिल्‍ली में वीर गाथा- द्वितीय के 25 विजेताओं को पुरस्‍कृत किया। प्रत्‍येक विजेता को दस हजार रूपये, एक पदक और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
  • गणतंत्र दिवस पर नौ सौ एक पुलिस कर्मियों को पुलिस वीरता पदक से सम्‍मानित किया जायेगा।
  • मिस्र की एक सैन्‍य टुकड़ी गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार हिस्‍सा लेगी। 144 सैनिकों की इस सैन्‍य टुकड़ी का नेतृत्‍व कर्नल महमूद मोहमद अब्‍दुल फतल अल कारासावी करेंगे।
  • मेलबर्न में ऑस्‍ट्रेलियाई ओपन टेनिस में सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्‍ना की जोडी मिक्‍सड डबल्‍स के फाइनल में पहुंची।