सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम रात्रि चौपाल को प्रशासन गम्भीरता से नहीं ले रहा है। इसका मुजाहिरा कल रात भरखनी ब्लॉक के बरुआरा गांव में हुआ। गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में कद्दावर नेता नरेश अग्रवाल मुख्य अतिथि थे। बावजूद इसके चौपाल के नोडल अधिकारी उप निदेशक (कृषि) आशुतोष मिश्रा गायब थे। इतना ही नहीं, जन धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय योजना, बीपीएल परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस वाली उज्ज्वला व मुफ़्त बिजली कनेक्शन वाली सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना, ऋण मोचन योजना सहित अन्य कई योजनाओं के लाभार्थी भी चौपाल में नहीं लाए गए।।
पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल कल देर शाम हरदोई-शाहजहांपुर की सीमा पर आबाद बरुआरा गांव पहुंचे। यहां प्रधान रामवीर सिंह, पूर्व प्रधान महावीर सिंह और अतुल सिंह चाउंपुर ने उनका भारी भरकम माला पहना स्वागत किया। मोदी और योगी सरकार की जन कल्याण की विभिन्न योजनाओं का गांव के लोगों को मिले लाभ का सिजरा सुनने के बाद अग्रवाल चौपाल में बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों से मुख़ातिब हुए। ग्रामीणों से सीधा सवाल किया कि क्या उन्हें केन्द्र में कोई मोदी का विकल्प नज़र आता है। फिर खुद ही जवाब दिया कि वर्तमान परिस्थितियों में मोदी का कोई विकल्प नहीं है। कहा, मोदी की विदेश नीति से विश्व बिरादरी में देश की स्थिति पहले से बेहद मजबूत और सम्मानजनक हुई है। कहा, इसी वजह से चीन और उसकी शह पर पाकिस्तान और नेपाल जैसे अदने से देश हमें आंखें दिखा रहे हैं। इन हालात में मोदी जैसे दृढ़ इच्छाशक्ति वाले नेता ही माकूल जवाब देने में सक्षम हैं।
अग्रवाल ने कहा, कुछ पीछे वह भी मोदी सरकार के विरोध में खड़े थे। लेकिन, सदन के भीतर और बाहर सरकार की कुछ नीतियों को लेकर आलोचना की, तो तमाम मसलों पर सराहना करने में भी पीछे नहीं रहे। कई मुद्दों पर सरकार को सुझाव दिए, जिन्हें मोदी ने गम्भीरता से लिया। कहा, अब तो वह भी मोदी के साथ हैं, तो कोई समस्या ही नहीं होनी चाहिए। अग्रवाल ने कहा, मुमकिन है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने से कुछ या बहुत से लोग वंचित रह गए हों। भले ही केन्द्र सरकार चुनावी साल में है, लेकिन प्रदेश सरकार के पास चार साल का समय है और वंचित लोगों को हर योजना का लाभ ज़रूर मिलेगा। भाषण की शुरुआत में चिर परिचित अंदाज में अग्रवाल ने लोगों से तारतम्य जोड़ा। बोले, यहां घर है और घर में माला नहीं पहनी जाती। माला पहनना होगा तो प्रदेश के किसी भी जनपद में चले जाएंगे। इस बात पर ग्रामीणों ने हंसते हुए तालियां बजाईं।चौपाल की अध्यक्षता भाजपा मण्डल अध्यक्ष रामू अग्निहोत्री ने की। संचालन पूर्व मण्डल अध्यक्ष शिवम तिवारी ने किया। भरखनी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख धीरेन्द्र प्रताप सिंह सेनानी, सतेन्द्र बाजपेई, भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अजय अवस्थी, बागीश ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप सिंह दीपू व राजीव सिंह टेनी, शाहाबाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत गुप्ता, रजनीश सिंह इटौली, विजय सिंह आशा, भाजपा विधि प्रकोष्ठ जिला सह संयोजक सतेन्द्र मिश्रा, अमित त्रिवेदी रानू, प्रियम मिश्रा, गोल्डी मुखर्जी, कल्लू रस्तोगी, अंकित अवस्थी, शिवेन्द्र शुक्ला, नीलेश भारद्वाज, रामदास गुप्ता आदि मौजूद रहे।