गुरुवार को आखिरकार वही हुआ जिसका काफी दिनों से लोग इंतजार कर रहे थे और कयास लगा रहे थे । गुरुवार को बावन ब्लॉक डेवलपमेन्ट कमिटी के 117 में 65 सदस्यों ने जिलाधिकारी पुलकित खरे के सामने व्लॉक प्रमुख धर्मेन्द्र सिंह के प्रति अविश्वास जताया । बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित हो गया । बावन ब्लॉक की सियासत का आखिर तख़्ता पलट हो ही गया ।
सूबे में भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन के ठीक बाद समीर सिंह ने धर्मेन्द्र सिंह के विरुद्ध अविश्वास का ताना-बाना बुना था, लेकिन तब कामयाब नहीं हुए थे। साल भर समीर अन्दरखाने काम करते रहे । करीब साल भर बाद उनके मंसूबे पूरे होते दीख रहे है । अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रमुख पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी । बीडीसी सदस्यों ने डीएम को पत्र सौंपे । बावन ब्लॉक की सियासत को नया मोड़ देने की क़वायद में समीर का साथ पूर्व विधायक अनिल वर्मा, सदर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रहे राजाबक्स सिंह, सदर पालिकाध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रहे पारुल दीक्षित, महोलिया शिवपार के पूर्व प्रधान प्रदीप गुप्ता, गल्ला मण्डी व्यापार मण्डल अध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता व महामन्त्री श्यामा कुमार गुप्ता ‘टीटू’ ने दिया।