नगर पालिका की जमीन के फर्जी बैनामे के मामले में एक दर्जन से अधिक मकान मालिकों को दिया गया नोटिस

लगातार बीस सालों से जिस जमीन पर बने मकानों से हरदोई की नगर पालिका सण्डीला गृहकर व जलकर समेत अन्य टैक्स वसूल करती थी अचानक उन्ही मकान मालिकों को घर खाली कराने का नोटिस जारी कर दिया गया है। नोटिस मिलने के बाद मोहल्ले वासियों में हड़कंप मचा है।
हरदोई की सण्डीला नगर पालिका में वर्षो बाद अफसरों की नींद टूटी है और जागे अफसरों ने वार्ड नम्बर 5 मोहल्ले के एक दर्जन से अधिक मकान मालिकों को अल्टीमेटम जारी करते हुए कहा है कि जिन मकानों में वह लोग रह रहे हैं वह अवैध और पालिका की भूमि पर बने हैं। इस आशय का एक नोटिस भी मकान मालिकों को दिया गया है । अधिकारियों ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह में मकान खाली करने के आदेश दिये हैं । नगर पालिका ने दिए नोटिस में कहा है कि पालिका में जिस भूमि पर मकान बने हैं वह सब फर्जी बैनामा कराये गए हैं । जबकि मकान मालिकों ने कहा कि गृहकर व जलकर नगर पालिका ही अब तक जमा कर रही है और उन लोगों ने जमीन का बैनामा कराया है । इस कार्यवाही की जद में मंदिर भी आ रहा है ।