उत्तराखंड में अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही आज से पवित्र चारधाम यात्रा शुरू हो गई। राज्य के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने इस बार यात्रा में ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई है। केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल और बद्री नाथ धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे।
आज अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के बाद खोल दिए गए। मां गंगा और यमुना के दर्शन के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश के तीर्थयात्री वहां उपस्थित थे। गाजेबाजे के साथ उत्सव डोली मुखबा से गंगोत्री मन्दिर पहुंची, जहां परम्परागत से विधिविधान के साथ मां गंगा की पूजा अर्चना की गई। उधर घरसाली से मां यमुना की डोली पहुंचते ही यमुनोत्री धाम में परम्परागत ढंग से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। दोनों ही धामों में शीतकाल के बाद कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और विधि-विधान के साथ पूजा की।