डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
आज (२७ जून, २०१८ ई०) को डबलिन में खेले गये दो टी-20 क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के प्रथम मैच में भारत ने ऑयरलैण्ड को ७६ रनों से पराजित कर, श्रृंखला में १-० की अग्रता अर्जित कर ली है। भारत ने कुल २० ओवरों में ५ विकेट पर २०८ रन बनाये थे, जिसके जवाब में ऑयरलैण्ड ने २० ओवर खेलते हुए, ९ विकेट पर १३२ रन ही बना सके।
ऑयरलैण्ड के कप्तान गैरी विल्सन ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया था। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए, भारत की आरम्भिक बल्लेबाज़ी अतीव प्रभावकारी दिख रही थी; क्योंकि आरम्भ में रोहित शर्मा ने ९७ और शिखर धवन ने ७४ रन बनाकर अपनी आक्रामक मंशा ज़ाहिर कर दी थी। दोनों ने मात्र १०.१ ओवर में १०० रनों की साझेदारी की थी और अपने स्कोर में ५-५ छक्के जड़े थे। इसके बाद भी भारतीय दल के लिए चिन्ता का विषय यह है कि उन दोनों बल्लेबाज़ों के आऊट होते ही भारतीय खेमा को निराशा ही मिलती रही; क्योंकि ‘आयाराम और गयाराम’ का खेल शुरू हो गया। भारतीय कप्तान विराट कोहली शून्य पर आऊट हो गये थे। यदि सलामी बल्लेबाज़ों के अतिरिक्त २-३ खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन किये होते तो भारत का स्कोर २५० रनों तक पहुँच सकता था। रोहित शर्मा का स्कोर जब ९७ रन था तब उनके सामने पाँच गेंद खेलने के लिए थे; सँभल कर खेले होते तो उनका शतक बन गया रहता।
ऑयरलैण्ड के लिए २०८ रनों के आस-पास तक भी पहुँचना कहीं से आसान नहीं दिख रहा था। उसके आक्रामक बल्लेबाज़ शेनोन के अलावा कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं दिखा, जो एक लक्ष्य को लेकर जूझ रहा रहा हो। यही कारण है कि शानदार अर्द्ध शतक (६० रन) बनानेवाले शेनोन के अलावा दूसरा कोई बल्लेबाज़ उभर कर नहीं आ सका, जो महत्त्वपूर्ण योगदान कर सका हो। ऑयरलैण्ड की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी ४० रनों की थी।
हाँ, विश्व में शीर्षस्थ क्षेत्ररक्षक के रूप में प्रसिद्ध भारत के खिलाड़ियों का क्षेत्ररक्षण अपेक्षाकृत बहुत कमज़ोर था। भारत के क्षेत्रक्षकों ने चार महत्त्वपूर्ण कैच छोड़े थे।
दूसरी ओर, भारत के स्पिनरों– कुलदीप यादव और यजुवेन्द्र चहल की घूमती हुई गेन्दों का जवाब ऑयरलैण्ड के बल्लेबाज़ों के पास नहीं था। यही कारण था कि कुलदीप यादव ने मात्र २१ गेन्दों में ४ विकेट लेकर ‘मैन ऑव़ द मैच’ का पुरस्कार जीता, जबकि चहल के हिस्से में ३ विकेट आये थे।तेज़ गेंदबाज़ बुमराह ने २ विकेट लिये थे।
दूसरा और अन्तिम टी-20 मैच २९ जून, २०१८ ईसवी को होगा।