कछौना (हरदोई): डिजिटल इंडिया के तहत ग्रामीण क्षेत्र में आम जनमानस को योजनाओं का लाभ उनके ही ग्राम सभा के सचिवालय में मिल जाए। योजनाओं का लाभ पाने के लिए उन्हें दूरदराज कस्बा व मुख्यालयों के चक्कर नहीं काटना पड़े। वहीं क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को ग्राम सभा में रोजगार मिल सके।
ग्राम सभाओं को डिजिटल करने के लिए ग्राम सभाओं में पंचायत सहायक की तैनाती की गई है, उन्हें जन सेवा केंद्र की आईडी मुहैया कराई गई। जिससे पंचायत सहायक ग्रामीणों को जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड के आवेदन, शादी अनुदान, विकलांग प्रमाण पत्र, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था, विधवा अवस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि योजनाओं के आवेदन न्यूनतम शुल्क में ग्राम सभा में कर सकते हैं। इसलिए पंचायत सहायकों को जन सेवा केंद्र प्रभारी राजेश मिश्रा में प्रशिक्षण कर पंचायत सहायकों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर जागरूक किया। यह एक दिवसीय प्रशिक्षण ब्लॉक सभागार में आयोजित किया।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि पंचायत सहायक ईमानदारी से कार्य करें। निर्धारित समय से ग्राम सचिवालय में उपस्थित रहें। पंचायत सहायकों की उपस्थिति ऑनलाइन चेक की जाएगी। प्रत्येक आवेदन का निर्धारित शुल्क ही लें। जिसे ग्राम सचिवालय में वॉल पेंटिंग किया जाएगा। निर्धारित शुल्क से ज्यादा लेने पर दोषी पंचायत सहायक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर एडीओ पंचायत संतोष कुमार ने बताया कि आप सभी का कार्य महत्वपूर्ण है। अपने कार्य को ईमानदारी से करें। कोई असुविधा व कठिनाई होने पर अपने ग्राम सचिव से वार्ता करें। इस प्रशिक्षण में ग्राम सचिव पवन कुमार वर्मा, उज्जवल यादव सहित ग्राम सभाओं के पंचायत सहायकों ने प्रतिभाग किया।
रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता