गोपार, बघौली : शुक्रवार को अपराह्न ग्राम पंचायत गोपार के पंचायत भवन पर उपजिलाधिकारी सदर लक्ष्मी एन. व तहसीलदार सुश्री ज्योती वर्मा द्वारा पूर्व निर्धारित खुली पंचायत में स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा लगभग एक दर्जन शिकायते दर्ज कराई गई । जिसमे से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया ।
खुली पंचायत के बाद उप जिलाधिकारी महोदया के द्वारा गोपार गांव से सटी ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जेदारों पर सख्त कार्यवाही की गई । कार्यवाही मे लगभग एक दर्जन अस्थाई झोपड़ी डाल कर रहने वाले लोगों की झोपड़ियों को गिरवाया गया व एक कब्जेदार के अर्धनिर्मित मकान को जेसीबी की सहायता से गिरवाया गया । उपजिलाधिकारी द्वारा अधीनस्थ मातहतों राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को अवैध कब्जेदारों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही के लिये निर्देशित किया गया । कार्यवाही होने दुखी लोगों ने जब उपजिलाधिकारी महोदया को अपनी समस्याओ से अवगत कराया तो उन्होंने लोगों आश्वासन दिया कि जल्द ही कानूनी प्रक्रिया के अनुसार लोगों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराये जाएंगे । प्रक्रिया होने तक ग्राम पंचायत गोपार की प्रधान श्रीमती संगीता वर्मा को ग्राम पंचायत की भूमि को तारबंदी कराने हेतु आदेशित किया ।
गोपार व मजरे जुटेला के पैदल भ्रमण पर निकल कई समस्याओं का निस्तारण किया। नालियों की उचित साफ सफाई न होने से नाराज उपजिलाधिकारी ने तीन कार्य दिवसों में समस्याओं का निस्तारण कर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनुज वर्मा द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा एवं राजस्व कर्मियो को चकरोडों पर अवैध कब्जे खाली कराना व रजबहा के गूलों की साफ सफाई का काम तीन दिनो में पूरा कराने का निर्देश दिया ।
बैठक में थाना प्रभारी बघौली जितेन्द्र मोहन सरोज, पूर्ति निरीक्षक , राजस्व निरीक्षक लेखपाल , विकास खण्ड कार्यालय के अधिकारी व आशा बहू, आंगनबाडी़ कार्यकर्ती सहित तमाम लोग उपस्थिति रहे।