विधायक रामपाल वर्मा के प्रयास से बालामऊ विधानसभा में एलओएच योजना के तहत 41 छूटे हुए मजरों के विद्युतीकरण को मंजूरी

कछौना, हरदोई। बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उन गांवों, मजरों और नई बस्तियों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है, जो अब तक बिजली की मुख्य धारा से पूरी तरह नहीं जुड़ पाए थे। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा के प्रयासों के चलते शासन ने ‘एलओएच योजना’ के तहत क्षेत्र के 41 छूटे हुए मजरों और आंशिक रूप से छूटी बस्तियों में विद्युतीकरण के बड़े प्रस्ताव को वित्तीय व प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

इस योजना मे विशेष रूप से कछौना क्षेत्र के पांच ऐसे प्रमुख गांव और उनके मजरे/हिस्से शामिल हैं जो अब तक विद्युतीकरण से पूरी तरह वंचित थे। शासन की इस बड़ी हरी झंडी के बाद अब यहां जल्द ही कार्य शुरू होने वाला है, जिससे स्थानीय नागरिकों का अपने घरों में बिजली का बरसों पुराना सपना आखिरकार पूर्ण होने जा रहा है। विधायक की इस बड़ी कामयाबी के बाद अब क्षेत्र के लगभग 1000 से अधिक परिवारों के घर और आंगन जल्द ही दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (ईडीडी संडीला) द्वारा जारी आधिकारिक सर्वे ड्राइंग सबमिशन रिपोर्ट के अनुसार, विधायक रामपाल वर्मा की पैरवी पर क्षेत्र में बुनियादी बिजली ढांचे को पूरी तरह मजबूत किया जा रहा है। स्वीकृत प्रस्ताव के तहत 18 किलोमीटर से अधिक (18.09 सीकेएम) हाई टेंशन लाइन बिछाई जाएगी। 952 किलोमीटर से अधिक (952.556 केएम) 3-फेज एलटी केबल का जाल बिछाया जा रहा है। 1300 मीटर से अधिक (1.313 केएम) 1-फेज केबल लगाई जाएगी।61 नए ट्रांसफार्मर (25 केवीए क्षमता के) विभिन्न चिन्हित स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे ताकि लो-वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान हो सके। विधायक रामपाल वर्मा के प्रयासों से शासन से हरी झंडी मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है।

क्षेत्र के प्रमुख गांवों बालामऊ, ज्ञानपुर, नारायणदेव, कछौना देहात का गंगानगर, सुठेना की हरिजन बस्ती, गौरी सैयद तालिब, नगवा, मुरारनगर, सोम, दलेलनगर, रैसों, सुखनखेड़ा, माड़र, जीवनखेड़ा, कोढ़रा चौराहा, गोगावां जोत, गौरी दायमपुर, दिवारी, अटिया, बसंतनगर, खेरवा, लालमऊ और पुत्तीखेड़ा सहित सभी 41 चयनित क्षेत्रों में विद्युत पोल और केबल डालने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

विधायक रामपाल वर्मा के इस प्रयास की क्षेत्र की जनता जमकर सराहना कर रही है। इस कार्ययोजना से दशकों से अंधेरे या बिजली की किल्लत से जूझ रहे मजरों को सहूलियत होगी। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक के इस प्रयास से क्षेत्र का कोई भी गरीब परिवार अब रोशनी से वंचित नहीं रहेगा और बच्चों की पढ़ाई तथा किसानों के कामकाज में बिजली बाधक नहीं बनेगी। विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि इस कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता