चरागाह की भूमि पर खड़ी फसल पर चला हल

कब्जा धारकों पर एंटी भू-माफिया के तहत कार्रवाई

कछौना, हरदोई। उप जिला अधिकारी सण्डीला के निर्देश पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ एंटी भू माफिया के तहत कार्यवाई अमल में लाई जा रही है। जिसके कारण राजस्व कर्मियों ने कार्रवाई की। गुरुवार को सण्डीला ब्लाक के ग्राम सभा आलमपुर में चारागाह की गाटा संख्या 419 पर ग्रामीण धनीराम, राजाराम, अर्जुन आदि लोग अवैध कब्जा कर गेहूं की फसल बोये थे। ऐसे अवैध कब्जा धारकों से कई चरागाह की भूमि खाली कराने का निर्देश दिया गया।

चारागाह पर अवैध कब्जा होने के कारण ग्राम सभा के छुट्टा पशुओं के सामने चारे का संकट है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है अगर चरागाह की भूमि पर अवैध कब्जा खाली करा दिए जाएं, तो उस भूमि को गौआश्रय स्थल व उस भूमि पर चारा बो दिया जाए। जिससे काफी हद तक ग्रामीण क्षेत्र में छुट्टा गौवंशों की समस्या कुछ हद तक हल हो जाएगी। राजस्व कर्मी सुशील गुप्ता, रितेश ने चरागाह की भूमि पर खड़ी फसल को जुतवाकर कब्जा मुक्त करा दिया। इस कार्रवाई से अवैध कब्जा धारकों में कानून का भय व्याप्त हो गया है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता