शहर में चल रहे खलनायक और नायक गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इन गैंग के सदस्यों की तलाशी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापे भी मार रही है। पुलिस टीम पर फायर कर फरार हो रहे दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों को टीम पर जानलेवा हमला करने में जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बावन चुंगी पर शुक्रवार को पुलिस टीम ने कुछ युवकों को खड़ा देखा और शक होने पर उन्हें रोका। उनमें से एक युवक ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। फायर होते ही पुलिस टीम ने उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया जिसमें दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया व अन्य फरार होने में कामयाब रहे। शहर कोतवाल आलोक सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान उन आरोपियों ने बताया कि वह लोग शहर में चल रहे खलनायक गैंग के सदस्य हैं। उन लोगों ने अपना नाम शुभम और शिवम निवासी सुभाषनगर बताया है। वहीं गैंग के अन्य सदस्यों और डीके की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही इन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। वहीं मून उस्मानी गैंग के सदस्यों की तलाश भी पुलिस कर रही है और इन सभी को पकड़कर जल्द ही जेल भेज दिया जाएगा।