प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम शुरू करने की तैयारियों की कल समीक्षा की थी। कार्यक्रम को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री को राज्यों के साथ हुई बातचीत सहित अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय, नीति आयोग और प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने योजना के विभिन्न पहलुओं के बारे में प्रधानमंत्री को अवगत कराया। श्री मोदी ने इस योजना के तहत समाज के वंचित वर्गों और गरीबों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इस योजना के उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराना है। आयुष्मान भारत के तहत 10 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को प्रत्येक वर्ष पांच लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा देने की व्यवस्था है। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पिछले महीने आयुष्मान भारत के तहत पहले स्वास्थ्य और चिकित्सा केन्द्र का उद्घाटन किया था। इस योजना के मुख्य रूप से दो उद्देश्य हैं। पहला समुदायों के नजदीक, व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए, संपूर्ण स्वास्थ्य केंदों का जाल बिछाना और दूसरा देश की 40 प्रतिशत आबादी को स्वास्थ्य बीमा के अंतर्गत लाना है।