- वित्त एवं लेखाधिकारी को चेतावनी
- मुख्य गेट बंद कराकर किया सभी पटलों का बारीकी से निरीक्षण ।
हरदोई- बीएसए कार्यालय का डीएम पुलकित खरे ने छापेमारी के तरीके से निरीक्षण किया और एक वरिष्ठ लिपिक रामनाथ पर एफआईआर के आदेश दिए और साथ ही लेखाधिकारी को चेतावनी भी दी।
डीएम को लगभग सभी पटलों पर खामियां मिली जिस पर डीएम नाराज हुए और बीएसए से नाराजगी जताकर व्यवस्था को सही करने के निर्देश दिये। डीएम ने बताया कि जो भी कमियां मिली हैं उस पर कार्यवाई भी की जाएगी।
जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक रामनाथ द्वारा स्कूलों की मान्यता सम्बन्धी फाइलों को दबायें रखने एवं उन पर समय से कार्यवाही न करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उक्त लिपिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त नये भर्ती शिक्षकों का मई माह से अब तक वेतन न निकालने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए वित्त लेखाधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि कल शाम तक सभी शिक्षको को वेतन आहरित करायें अन्यथा सख्त कार्यवाही की जायेगी।
कार्यालय की खराब साफ-सफाई व्यवस्था पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और कार्यालय एवं परिसर में सफाई व्यवस्था अच्छी रखने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव को दिये। डीएम ने कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कराया जिससे कोई बाहर न जा सके और न अंदर आ सके । इसके लिए दो सिपाही भी खड़े कर दिए। इसके बाद डीएम ने एक-एक पटल पर जाकर हकीकत परखी तो बीएसए कार्यालय की पोल खुल गयी।
डीएम निरीक्षण के दौरान कई बार नाराज हुए और कर्मचारियों को जमकर लताड़ा साथ ही बीएसए को भी निर्देशित किया। डीएम के तेवर देख मातहत पसीना पसीना नजर आए।