कछौना (हरदोई): आयुक्त खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन के निर्देश के चलते जिलाधिकारी के नेतृत्व पर गठित टीम ने कछौना में खाद्य पदार्थों की दुकानों में मिलावटी सामग्री व बिना रजिस्ट्रेशन संचालित खाद्य पदार्थ की दुकानों पर छापा डालकर नमूने लिए। बिना रजिस्ट्रेशन संचालित दुकानों को बंद कराया गया। इस अभियान से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।
बताते चलें कि कस्बे में बिना लाइसेंस व मानकों को ताक पर रखकर मीट की दुकानें धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं जिसके कारण मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दूध की डेरियां संचालक बिना लाइसेंस व मानकों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर सिंथेटिक दूध का कारोबार कर रहे हैं। जिसका जन स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। होली के मद्देनजर मिलावट खोर सक्रिय हो जाते हैं। लाभ के खातिर किसी भी पदार्थ में मिलावट करने से नहीं चूकते। सरसों के तेल में भी बड़े पैमाने पर मिलावट की शिकायत आ रही हैं। जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ ना हो इसको ध्यान रखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने कछौना स्थित साहिर के दुकान से सरसों के तेल का नमूना, पुनीत गुप्ता के यहां से पापड़ी मैदा का नमूना, इंडियन ढाबा से पनीर का नमूना लिया गया जिसको सैंपल हेतु लखनऊ भेजा गया।
कस्बे में बड़े पैमाने पर संचालित बिना रजिस्ट्रेशन मीट की दुकानों को बंद कराया गया। टीम की कार्रवाई से अधिकांश दुकानदार अपनी दुकान का शटर बंद कर रफूचक्कर हो गये। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी खुशीराम व रामकिशोर मौजूद रहे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए के पाठक ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बिल्कुल न करें। प्रतिष्ठान में सफाई व स्वच्छता रखें। किसी भी प्रोडेक्ट को नियमित पंजीकृत अवश्य करें। एक्सपायरी डेट पर विशेष ध्यान दें। मिष्ठान विक्रेता मिठाई में रंग का प्रयोग न करें तथा कोई भी पदार्थ खुला न रखें। और जिन दुकानदारों का लाइसेंस नहीं है वह अपनी दुकान का लाइसेंस अवश्य बनवाएं। मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी अनवरत चलता रहेगा।
ख़बर- पी.डी. गुप्ता