मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने किया गुरू गोरक्षनाथ कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण

मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने कल जनपद गोरखपुर के चैक माफी पीपीगंज में बन रहे गुरू गोरक्षनाथ कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर वहां के कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र बन जाने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। कृषि विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक विभिन्न क्षेत्रों- जैसे पशुपालन, कृषि, मत्स्य आदि के संबंध में किसानों को जानकारी देंगे । सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने का भरसक प्रयास कर रही है ।

मालूम हो कि कृषि विज्ञान केंद्र में समय-समय पर किसानों को नई तकनीक की जानकारी मिलने के साथ ही अच्छे बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी । कृषकों को खेती के नए तरीके और बाजार की मांग के अनुरूप जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि किए जाने के दृष्टिगत गोरखपुर जनपद में दो कृषि केंद्र हो जाएंगे । एक केंद्र पहले से संचालित है, यह दूसरा कृषि विज्ञान केंद्र होगा ।

मुख्यमन्त्री ने बताया कि इसके अलावा प्रदेश में 20 नए कृषि विज्ञान केंद्रों की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव दिया गया है और हमें खुशी है कि भारत सरकार ने बड़े जनपदों में दो-दो कृषि विज्ञान केंद्र तथा छोटे जनपदो में एक-एक कृषि विज्ञान केंद्र देने के लिए अपनी सहमति दी है । पिछले एक वर्ष के अंदर हम लोगों ने अधिकतर कृषि विज्ञान केंद्रों को सक्रिय किया है। इन कृषि विज्ञान केंद्रों को कृषि विश्वविद्यालय से जोड़कर किसानों को प्रशिक्षण एवं मौसम के अनुरूप खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ।