महात्मा गांधी जन कल्याण समिति की बैठक विगत दिनों गांधी भवन में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में आयोजित की गयी । बैठक में अतिरिक्त कक्षों तथा भवन को आकर्षक रूवरूप प्रदान करने हेतु निर्णय लिया गया कि मांगलिक कार्यो के लिए अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जायेगा तथा वर्तमान में भवन में स्थापित पुस्तकालय/वाचनालय स्थान कमी होने के कारण स्टोर रूम में परिवर्तित हो गया है । जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि इसमें रखी सामग्री को उचित स्थान पर स्थानान्तरित कर पुस्तकालय /वाचनालय को संचालित किया जाये ।
भवन की सड़कों के किनारे हेजिंग लगाकर आकर्षक रूप प्रदान करने हेतु जिला उद्यान अधिकारी का सहयोग लिया जाये तथा परिसर में काफी वर्ष पूर्व स्थापित शहीद स्तम्भ के पास सफाई के उद्वेश्य से उसके चारों ओर रेलिंग बनाकर सुरक्षित किया जाये और रेलिंग के अन्दर फुलवाड़ी बनाकर आकर्षक बनाया जाये तथा स्तम्भ व गांधी जी की प्रतिमा के चारो तरफ प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाये । भारत माता के फबवारे को सुन्दरीकरण करने के साथ प्रकाश व्यवस्था की जाये और भवन के सामने बाउन्ड्रीवाल तथा अन्दर जाने वाले मार्ग पर भी प्रकाश की समुचित व्यवस्था करायी जाये ।
जिलाधिकारी ने कहा कि भवन में उपलब्ध चरखे को शीशे के फ्रेम में सुरक्षित किया जाये और प्रतिदिन प्रातः व सायं दो घंटे स्पीकर से रामधुन बजाई जाये व आम जनमानस के टहलने के लिए मार्ग का निर्माण कराया जाये तथा उचित एवं रिक्त स्थान पर बच्चों का पार्क व जनमानस के बैठने के लिए बेंचों का निर्माण कराया जाये । जिलाधिकारी ने कहा कि इसके साथ ही जिला कारागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शिलालेख उपलब्ध है और उक्त शिलालेख का आधार लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का एक नवीन शिलालेख बनवाकर गांधी भवन में स्थापित किया जाये तथा इण्टीरियर डिजाइनर से भवन को आकर्षक रूवरूप प्रदान करने हेतु सुझाव लिए जाये ।
जिलाधिकारी व समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि कार्यकारिणी सदस्य से रू0-1000 व सदस्यों से रू0-500 सदस्यता शुल्क लिया जायेगा और समिति की कार्यकारिणी बैठक त्रैमासिक आहूत की जाये । बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, नगर मजिस्ट्रेट वन्दिता श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद जी लाल, लल्लू दादा, आलोक श्रीवास्तव, जोगेन्दर सिंह गांधी, बाबू अली व फखरूल इस्लाम फक्कन सहित अन्य सदस्य आदि मौजूद रहे ।