सीडीओ ने किया ब्लॉक परिसर का निरीक्षण, गंदगी व अन्य तमाम खामियां मिलने पर वरिष्ठ लिपिक निलंबित

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना(हरदोई)। मुख्य विकास अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मंगलवार को ब्लाक कछौना कार्यालय व परिसर का गहन निरीक्षण किया। ब्लॉक परिसर में काफी गंदगी व जानवरों के बंधे होने तथा परिसर में बने आवासों में अनाधिकृत रूप से कब्जा धारकों के मौजूद होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मातहतों को दो सप्ताह के भीतर आवास खाली कराने का निर्देश दिया। वहीं खामियों के लिए ब्लॉक कार्यालय में तैनात वरिष्ठ लिपिक अनिल कुमार की शिथिलता को जिम्मेदार मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक सभागार का निरीक्षण किया। जिसमें शौचालय काफी गंदा व एन०एल०आर०एम० ऑफिस काफी अस्त-व्यस्त पाया। इसके बाद ब्लॉक परिसर में स्थित आवासों का गहनता से निरीक्षण किया। जिसमें काफी लोग अनाधिकृत रूप से बाहरी लोग रहते हुए पाए गए। जो अपने पशु भी पाले थे। ब्लॉक परिसर में गोबर के ढेर लगे थे। कूड़े के ढेर लगे थे। चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा था। ब्लॉक परिसर में गड्ढे होने के कारण जलभराव था। पूरा ब्लॉक परिसर तबेला बना हुआ था। निरीक्षण के दौरान ब्लाक परिसर में शराब की खाली बोतलें पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान फर्जी लोग आवासों में तत्काल ताला लगाकर भाग गए, वहीं अधिकारी कर्मचारी सहमे और भयभीत नजर आये।