बदायूँ :इस बात से कौन अपरिचित है कि कोरोना के संकट काल में कोरोनायोद्धा अपनी अपनी जंग अपने अपने स्तर से लड़ रहे हैं जिनमें पुलिस कर्मियों के तो हजारों उदाहरण हमारे सामने रोज आ रहे हैं। कोई पुलिसकर्मी कभी बेजुबान जानवरों को खाना खिलाता दिखाई देता है तो कोई जरूरतमंदों के दरवाजे तक मदद पहुंचाता दिखाई देता है।लेकिन आज शहर की नई सराय में एक हृदय को छूने वाला दृश्य सामने आया जिसमें एक बच्ची पुलिस वालों को पानी पिलाते दिखाई दी और पुलिस वाले बच्ची को थैंक्स बोलते हैं ।

पूछे जाने पर बच्ची ने अपना नाम मान्या बताया जिसका मानना है कि इस संकट काल में छोटे हो या बड़े सबको अपने अपने स्तर से सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए देश की सेवा में लग जाना चाहिए । क्योंकि देश की सेवा सब सेवाओं में सर्वोच्च मानी जाती है। वास्तव में बच्ची की कोरोना फाइटर्स कि यह सेवा सराहनीय है ।जहां लोग कोरोना के नाम मात्र से भयभीत हैं, घरों से बाहर आने के नाम से ही डर रहे हैं ऐसे में ऐसे सेवा भाव एवं परोपकार की मूर्ति यह बालिका एक सुंदर मिसाल है और दूसरों को प्रेरणा देने वाली है। देश के इस संकट काल में ऐसे ही नन्हें-नन्हें योद्धा व कर्म वीरों की जरूरत है। इन नन्हे नन्हे हाथों की हिम्मत व ताकत को देखकर तो कोराना भी डर जाएगा। धन्य है हमारा देश, धन्य है हमारी मातृभूमि जहां ऐसे नन्हे योद्धा भी देश को कोरोना से मुक्त कराने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं ।