रामू बाजपेयी, पाली (हरदोई)-
शुक्रवार को हरदोई जनपद के पाली नगर में क्रूरता और निर्दयता की सारी हदें पार हो गईं । घृणा और वहशीपन के मंज़र से शर्म भी शर्मिन्दा हो गयी । आज मानवता उस समय लो पड़ी जब कुछ व्यक्तियों ने पैशाचिक कृत्य करते हुए एक बंदर की दोनों आंखें फोड़ डालीं ।
ख़ून से लथपथ चेहरे वाला बिन आंखों का बन्दर कुत्तों का ग्रास बन ही गया था कि लोगों ने देख लिया । अन्धे बंदर पर अचानक कुत्तों ने हमला कर उसे नोचना शुरू कर दिया । किसी तरह लोगों ने उसे कुत्तों के चुंगल से छुड़ाकर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी । इस अमानवीय घटना से पूरे जिले में रोष व्याप्त है ।
मोहल्ला बिरहाना निवासी राजा कश्यप ने बताया कि उन्होंने सुबह 9:30 बजे के आसपास एक बंदर पर कुत्तों को हमला करते हुए देखा । उस बन्दर की दोनों आखों से खून बह रहा था । लोगों के सहयोग से किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाकर पाली पुलिस और वन विभाग को सूचना दी । मौके पर पहुंचे वनविभाग के अधिकारी अमर सिंह चौहान ने उपनिरीक्षक अबरार व कांस्टेबल रशीद अहमद के सहयोग से जाल डाल कर खून से लथपथ दोनों आँखें खो चुके बंदर को पकड़ कर नगर के प्राथमिक पशु चिकित्सालय ले गए । प्राथमिक उपचार कराने के बाद वनविभाग की टीम बंदर को लेकर शाहाबाद चली गयी ।
जानकारी के आधार पर बन्दर के साथ यह अमानवीय कुकर्म मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किया गया है । किन्तु अभी तक प्रकाश में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बंदर की दोनों आंखे फोड़ने की सूचना ही है । घटना पूरे नगर मे आग की तरह फैल गयी । घटना के बाद भाजपाइयों समेत अन्य लोगों में आक्रोश फैल गया और नगर के भाजपाइयों सहित दर्जनों लोगों ने पाली थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की ।
पाली थाना अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर से हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के विरुद्ध बन्दर के साथ अमानवीय घटनाक्रम से सम्बंधित एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है । अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है । जांच और तहकीकात चल रही है । दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।