लखनऊ– माध्यमिक शिक्षा के अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में भी 50 साल की आयु से ज्यादा वाले शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की स्क्रीनिंग होगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमर कांत सिंह ने खंड एवं नगर शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर ऐसे शिक्षकों एवं कर्मचारियों के नाम प्रस्तावित कर तत्काल रिपोर्ट देने को कहा है।
सरकारी सेवाओं में दक्षता सुनिश्चित करने के लिए परिषदीय शिक्षक एवं कर्मचारियों की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए स्क्रीनिंग की जानी है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमर कांत सिंह के पत्र के अनुसार, मूल नियम-56 में यह व्यवस्था है कि नियुक्ति प्राधिकारी कभी भी किसी सरकारी सेवक को (चाहे वह स्थायी हो या अस्थायी) नोटिस देकर बिना कोई कारण बताए 50 वर्ष की आयु पूरी करने पर उससे सेवानिवृत्त होने की अपेक्षा कर सकता है।
इस नोटिस की अवधि तीन माह होगी। इसी क्रम में उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकास खंड के 50 वर्ष से ऊपर के शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के नाम भेजने को कहा है। नाम आने के बाद पूरी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा परिषद को भेजी जाएगी।