सर्दी मे सड़क पर न गुजरे किसी की रात, कछौना में बना अस्थाई रैन बसेरा

कछौना (हरदोई): आम जनमानस को राहत देने की दिशा में सर्द मौसम में बेघर, बेसहारा व दूरदराज से आए यात्रियों को सर्दी की रात गुजारने के लिए अस्थाई रैन बसेरा लखनऊ-पलिया मार्ग पर गीता शैक्षिक संस्थान के स्कूल भवन में स्थापित किया गया है।

अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव ने बताया कि इस अस्थाई रैन बसेरे में पुरुष-महिला को कमरे में रुकने की अलग-अलग व्यवस्था की गई। रुकने वालों के लिए चारपाई, गद्दा, रजाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय की सुविधाएं की गई। रुकने वाले व्यक्तियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए विशेष ध्यान रखा गया है। ठंड से बचाव के लिए प्रांगण में अलाव की व्यवस्था की गई है। नियमित रूप से महिला व पुरुष की ड्यूटी लगाई गई है। नगर में कोई बेघर, बेसहारा, असहाय व बाहरी आगंतुक रैन बसेरे में निश्शुल्क रूप से रह सकता है।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता