कछौना मे थाना समाधान दिवस हुआ आयोजित

कछौना (हरदोई): उपजिलाधिकारी देवेंद्र पाल की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी ने आमजनमानस से अपील की कि दीपावली का पर्व उल्लास व उत्साह के साथ मनाएं। ग्रीन पटाखों का प्रयोग करें।

दीवाली रोशनी का त्यौहार है, दीये के साथ दीपावली मनाएं, पटाखों से निकलने वाले रसायन से बच्चों, बुजुर्गों, बीमार लोगों को काफी परेशानी होती है। पर्यावरण को बेहतर रखने के लिए ग्रीन पटाखों का प्रयोग करें। पटाखों की दुकानों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए दो दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखें। दुकान पर पानी, बालू, आग बुझाने के संसाधन रखें। निर्धारित स्टॉक ही रखें।

ग्रामसभा सुठेना के ग्रामीणों ने बताया कि उन लोगों को वर्ष 2018 में आवासीय पट्टा हेतु आवंटन किया गया था परंतु अभी तक कब्जा नहीं मिल पाया है। जिस पर उपजिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्देश दिया कि पुलिस टीम ले जाकर पैमाइश करा कर पट्टा धारकों को कब्जा दिलवाएं। कछौना कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की विवादित भूमि की पैमाइश पुराने नक्शे के आधार पर कराने के निर्देश लेखपाल को दिया। चकबंदी के दौरान इस भूमि पर भू माफियाओं द्वारा खेल किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरी पारदर्शिता के तहत जांच की जा रही है, कई लोगों पर गाज गिरेगी जो भी दोषी होगा उस पर ठोस कार्यवाही की जाएगी। नगर पंचायत को विशेष संचारी अभियान के तहत साफ-सफाई, फागिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव नियमित रूप से करें। शहर से गांव-गांव तक लोग जुएं के फड़ लगाकर आर्थिक नुकसान करते हैं जिससे लड़ाई-झगड़े की घटनाएं होती हैं। सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस जुआ खेलने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, लिपिक जय बहादुर सिंह, कानूनगो व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता