शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-हरदोई मार्ग पर छौहापुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला तो सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में है।
मामला हरदोई की कोतवाली शहर इलाके के लालपालपुर का है। यहां एक अज्ञात युवक का शव औंधे मुंह नाले में पड़ा देखा गया और बाईक भी पड़ी मिली तो हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पाकर शहर कोतवाली पुलिस व सीओ बघौली विजय राणा मौके पर पहुंच गए और शव को नाले से बाहर निकलवाया। उसकी पहचान लखनऊ जिले के आलमबाग निवासी भरत वर्मा उम्र करीब 28 वर्ष पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई।
सूचना पाकर मृतक का भाई दीपक व अन्य परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि वह लखीमपुर जिले में जियो कम्पनी में काम करता है और रविवार शाम करीब नौ बजे हरदोई के मंगली पुरवा निवासी तीन दोस्तों के साथ देहात कोतवाली के लखनऊ मार्ग स्थित मेजबान ढाबे से खाना खाकर बाईक से लखनऊ को निकला था। वैसे मौके की स्थिति के अनुसार युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस को जैसे ही तहरीर मिलेगी कार्यवाही की जाएगी बाकी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो पायेगी।