श्रम विभाग ने निःशुल्क काउंसलिंग के माध्यम से रोजगार के लिए उचित दिशा निर्देश की व्यवस्था की

प्रदेश के श्रम विभाग द्वारा नेशनल कैरियर सर्विस के तहत अभ्यर्थियों को कैरियर के चुनाव व नौकरी के लिए निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशक श्री राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं को कैरियर के चयन अथवा नौकरी के तलाश में होने वाली परेशानियों में निःशुल्क सहायतार्थ मनोवैज्ञानिक परीक्षण के बाद प्रतिभागियों की रूचि के अनुसार उनकी काउंसलिंग की जाए।

निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लखनऊ विकास प्राधिकरण, लालबाग लखनऊ परिसर में सुबह 11 बजे से दिन में 2 बजे तक आने वाले बेरोजगार अभ्यर्थियों को निःशुल्क काउंसलिंग के माध्यम से रोजगार के लिए उचित दिशा निर्देश प्रदान किया जाएगा। श्री प्रसाद ने बताया कि श्रम एवं सेवायोजन परिसर के कक्ष सं-41 में सोमवार से गुरूवार को प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक डॉ. वर्तिका सिंह मनोवैज्ञानिक (भारत सरकार द्वारा तैनात) श्रीमती सुषमिता सिंह एवं श्री जय प्रकाश काउंसलर द्वारा कैरियर चयन के लिए निःशुल्क सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित होने वाले रोजगार मेलों से भी अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा।