बन्द विद्यालयों को खंगाल रहे चोर, कामीपुर में नकदी के साथ ले गए बर्तन और फाड़े रजिस्टर

कछौना : कोविड19 की आपदा के कारण लाॅकडाउन में विद्यालय बन्द हैं । इसी का फायदा उठाने को चोर सक्रिय हो गये हैं और बेखौफ़ होकर चोरियां कर रहे हैं।

कछौना के अन्तर्गत कामीपुर परिषदीय स्कूल में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा कक्ष के एक रोशनदान की ग्रिल को तोड़कर घटना कारित की गयी । चोरों ने अफलातून क्लब में बच्चों द्वारा जमा किए गए ₹6000 के साथ ही अन्य सामान एल्युमिनियम के 2 छोटे भगोने और गैस चूल्हे को चोरी कर लिया । इस घटना में विद्यालय के अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ कर 5 रजिस्टर फाड़ने के पीछे चोरी की आड़ में कुछ और भी होने का सन्देह पैदा करता है । ज्ञात हो कि घटना के बाद से कुछ रजिस्टर गायब भी हैं।

चार दिन पूर्व सोमवार रात को उच्च प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा में अज्ञात चोरों ने प्रधानाध्यापक कक्ष सहित अन्य कक्षों के दरवाजों व ताले तोड़कर तीन सीलिंग फ़ैन सहित हजारों रुपए का कीमती सामान चोरी कर लिया था । मालूम हो कि पहले भी अज्ञात चोरों ने सिलसिलेवार तरीके से क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों को अपना निशाना बनाया था और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद इन चोरियों का खुलासा करते हुए आरोपितों को जेल भेज दिया था । इसके बाद परिषदीय विद्यालयों में चोरी की घटनाओं पर कुछ समय के लिए विराम लग गया था। एक बार फिर से परिषदीय विद्यालयों में शुरू हुई चोरियों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में एक बार पुनः चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है ।

प्रभारी निरीक्षक राय सिंह से बात करने पर उन्होंनेे बताया कि विद्यालय में चोरी की घटना की जानकारी प्राप्त हुई है, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।