बाइक सवार तीन सशस्त्र लुटेरों ने दम्पत्ति से तमंचे के बल पर जेवर नगदी लूटी

            पाली इलाके में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की एक बारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। बाइक सवार तीन सशस्त्र लुटेरों ने मंगलवार की दोपहर बाइक सवार एक दम्पत्ति से तमंचे की नोक पर जेवर और नगदी लूट ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी हैं।
         पाली इलाके में सक्रिय अपराधी पुलिस की सुस्ती का फायदा जमकर उठा रहे है। बाइक चोर गिरोह के बाद अब लुटेरों ने पाली पुलिस की नींद उड़ा रखी है। ताज़ा मामला पाली-नकटौरा नहर मार्ग पर लूट की बारदात का है। जिले के लोनार थाना क्षेत्र के सुहेड़ी गांव निवासी अरुण कुमार पुत्र अवधेश सिंह की ससुराल पचदेवरा इलाके के बरुआरा गांव में देवेंद्र सिंह के यहां हैं। अरुण अपनी पत्नी शिखा के साथ ससुराल गया था। कुछ दिन रुकने के बाद वह पत्नी समेत बाइक से मंगलवार की दोपहर घर लौट रहा था। पाली-नकटौरा नहर मार्ग पर पहाड़पुर ईंट भट्टा के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर अरुण को रोक लिया। अरुण की माने तो बदमाशो ने पहले उसके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की और उसके बाद उसकी पत्नी की सोने की पांच अंगूठियां, मंगलसूत्र, एक गले की सोने की चेन व कानों में पहने सोने के झाले भी लुटेरों ने जबरन उतरवा लिए । साथ ही शिखा की बैग में मौजूद 4 हजार की नगदी भी लूट ली।
          आसपास के ग्रामीणों को आता देख बदमाश बाइक से फरार हो गए। लूट की बारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस बारदात से पुलिस महकमे में भी हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की लेकिन लुटेरे खाकी की पहुंच से दूर जा चुके थे। पाली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रन्धा सिंह के लिए लूट की इस बारदात का खुलासा करना एक बड़ी चुनौती हैं। फिलहाल उन्होंने बताया कि तीनों अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने लूट का अभियोग पंजीकृत करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।