जनपद के तीन विकास खण्ड ओडीएफ घोषित 

घोषित ग्रामो के प्रधानो, बीडीओ एडीओ एवं ब्लाक प्रमुखो को सम्मानित किया गया

रसखान प्रेक्षागृह के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत आयोजित स्वच्छ सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के अवसर पर जनपद के तीन विकास खण्डों मल्लावां, भरावन, कछौना को खुले से शौचमुक्त घोषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अंशुल वर्मा, विधायक मल्लावां आशीष सिंह आशू, एवं जिलाधिकारी ने की। स्वतन्त्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तीनो विकास खण्डों के बीडीओ, एडीओ, ब्लाक प्रमुख, एवं ग्राम प्रधानों को खुले से शौचमुक्त घोषित किये जाने पर सम्मानित किया गया।
उन्होने बताया कि विकास खण्ड मल्लावां के 54 ग्राम पंचायतें एवं 73 राजस्व ग्राम, विकास खण्ड कछौना के 41 ग्राम पंचायते एवं 46 राजस्व ग्राम तथा विकास खण्ड भरावन के 65 ग्राम पंचायते एवं 97 राजस्व ग्राम ओडीएफ घोषित किये गये। इस प्रकार तीनो विकास खण्ड ओडीएफ घोषित हुए। इस अवसर पर ओडीएफ घोषित ग्राम पंचायतो तथा राजस्व ग्रामो के प्रधानो को प्रमाणपत्र एवं शाल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चो द्वारा गीतो एवं स्वच्छता पर लघु नाटिका का मंचन किया गया। सांसद अंशुल वर्मा ने इन बच्चो की सराहना करते हुए इन्हे सम्मानित करने के लिए कहा, इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर ’’एक शाम शहीदो के नाम’’ में सभी बच्चो एवं उनके अभिभावको सहित अध्यापको को आमंत्रित किया जा चुका है इस अवसर पर सभी बच्चो को सम्मानित भी किया जायेगा। इस अवसर पर प्रेक्षागृह की दीवालो पर बच्चो द्वारा बनाई गई पेंटिंग का भी अवलोकन किया। स्वच्छता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी तहसीलो, विकास खण्डो एवं ग्रामों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ सफाई की गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, परियोजना निदेशक, उप कृषि निदेशक आशुतोष मिश्रा, एलडीएम, सहायक निदेशक सूचना कुमकुम शर्मा, तीनो विकास खण्ड के खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।