पाली, हरपालपुर और माधौगंज में तीन युवकों के फंदे पर लटकते मिले शव

              हरदोई : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किशोर समेत तीन लोगों के शव फंदे पर लटकते मिले। परिजन घटना के कारणों से अनभिज्ञता जता रहे हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
               पाली थाना क्षेत्र के ग्राम भरखनी निवासी आशीष (15) पुत्र रामचंद्र तीन भाइयों में बड़ा था। पिता के अनुसार आशीष एक सप्ताह पूर्व लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम घुटेहना निवासी फूफा करोरी के यहां गया था। सोमवार की शाम को आशीष ने गांव के बाहर आम के बाग में रस्सी से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी। परिजन घटना के कारण से अनभिज्ञता जता रहे हैं। वहीं माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रुकनापुर निवासी त्रिभुवन उर्फ गंगा (40) पुत्र शिवपाल खेतीबाड़ी का काम करते थे। ससुर द्वारिका प्रसाद निवासी खंडरिया माधौगंज ने बताया कि त्रिभुवन शराब के आदी थे और अपने पिता की इकलौती संतान थे। उन्होंने बताया कि सोमवार की दोपहर त्रिभुवन ने घर के अंदर कमरे में गमछे से फांसी लगा ली।
                   हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिरगावां निवासी सलीम (35) पुत्र मनफूल खेतीबाड़ी का काम करता था। उनके चार बेटे व पत्नी सलीमा है। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात सलीम ने घर के अंदर गमछे से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ज्ञान प्रकाश ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।