जीना धंसने से दो बच्चों की मौत, मां घायल

हरदोई के बेहटागोकुला थाना क्षेत्र में घर का जीना धंसने से दो बच्चों समेत मां मलबे में दब गई। मां को तो किसी तरह से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दोनों बच्चों की मौत हो गई। मां की हालत गंभीर बनी हुई है उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल से लखनऊ रिफर कर दिया गया है।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के बल्हेरा निवासी सद्दाम राजमिस्त्री है।रात करीब नौ बजे सद्दाम की पत्नी नाजिया बानो घर के अंदर जीने के नीचे खाना बना रही थी। उसका दो वर्षीय पुत्र जीशान गोद में था, जबकि दूसरा पुत्र पांच वर्षीय गुलफाम पास में ही खेल रहा था। अचानक किसी तरह जीना भरभरा कर गिर गया और नाजिया बानो दोनों पुत्रों समेत मलबे में दब गईं। घर में मौजूद उसकी बड़ी पुत्री और परिजनों ने शोर मचाया तो लोग दौड़े और आनन फानन सभी को बाहर निकाला, लेकिन जीशान और गुलफाम की मौत हो चुकी थी। आनन फानन में नाजिया बानो को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।घटना की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची और शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया।घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।