तहसील सण्डीला में आयोजित सम्पूर्ण समाधान के उपरान्त जिलाधिकारी पुलकित खरे ने ब्लाक कछौना के ग्राम बरौली के पूर्व प्राथमिक विद्यालय में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता करते हुए ग्राम वासियों से कहा कि अपने पुरूषार्थ को बनाये रखने एवं घर की मां, बहन, बेटी व पत्नी की इज्जत के लिए शौचालय अवश्य बनाये ताकि घर की इज्जत बनी रहे ।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम के सभी किसान प्राथमिकता पर अपनी फसल का बीमा कराये ताकि किसी भी दैवी आपदा होने पर फसल बीमा का लाभ प्राप्त हो सके । उन्होने कहा कि किसान अपने खेतों के अवशेष किसी भी दशा में न जलायें बल्कि कृषि विभाग के माध्यम से अनुदान पर भूसा बनाने वाली मशीन क्रय करें और अवशेषों को भूसे के रूप करके अपने जानवरों के चारे के रूप में प्रयोग खिलायें । जिलाधिकारी ने कहा कि किसान अपने गेहूं को सरकारी गेहूं खरीद केन्द्रों पर ही बिक्रय कर सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य प्राप्त करें तथा किसी बिचौलियें के माध्यम से अपना गेहूं न विक्रय करें ।
मनरेगा कार्यो की समीक्षा में ग्राम पंचायत सिक्रेटरी द्वारा ग्राम पंचायत मेें कराये गये कार्यो के बोर्ड न लगाने तथा गांव में वृद्वा पेंशन धारक की मृत्यु की जानकारी न होने पर जिलाधिकारी ने सिक्रेटरी को निलम्बित करने के आदेश जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र को दिये । हैण्ड पंपों की समीक्षा में 73 हैण्ड पंप लगे बताये गये जिसमें 06 हैण्ड पंपों के खराब होने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी बढ़ने से पहले सभी खराब एवं रिबोर हैण्ड पंपों को प्रधान व सिक्रेटरी सात दिन में ठीक करायें । प्रधानमंत्री आवास के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को आवास के साथ शौचालय बनवाना अनिवार्य है । उन्होने वृद्वा, विधवा एवं दिब्यांग पेंशन के संबंध में कहा कि जिन पेंशनरों की पेंशन किसी कारण बन्द हो गयी या बनी नही है तो वह खण्ड विकास अधिकारी के माध्यम से अपनी पेंशन बनवा सकते है ।
चौपाल में जिलाधिकारी ने कहा कि जो लोग मनरेगा में काम करना चाहते है और उनके पास जाबकार्ड नही है वे सचिव के माध्यम से अपना जाबकार्ड बनवाये और मनरेगा के तहत काम प्राप्त करें ।
गांव की ग्राम पंचायत ,खलिहान, चकरोड आदि पर अवैध कब्जा करने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सण्डीला आशीष कुमार सिंह को निर्देश दिये कि गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ एंटी भूमाफिया एक्ट के अर्न्तगत कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज करायें और भूमि को कब्जा मुक्त करायें । इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन लोगों को बैंक के कार्यो में परेशानी हो वह अग्रणी बैंक प्रबन्धक से सम्पर्क कर अपनी समस्या का समाधान करायें । उन्होने कहा कि जिन लोगों के वारिसयान की मृत्यु हो गयी है और अभी तक वरासत नही हुई है वह संबंधित लेखपाल के माध्यम से अपनी वरासत करा सकते है । चौपाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी0एन0चर्तुवेदी ने स्वास्थ्य विभाग से मिलने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी । चौपाल में अग्रणी बैंक प्रबन्धक बीएन शुक्ला,खण्ड विकास अधिकारी कछौना आरएस यादव, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील, ग्राम प्रधान सहित अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहें ।