परिवहन निगम की बस में सीट को लेकर दो पक्षों में विवाद, जमकर हुई मारपीट

हरदोई मे रोडवेज बस स्टैंड पर परिवहन निगम की बस में सीट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर मे वहाँ जमकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों में हाथापाई हुई और लात-घूंसे चले। इस बीच तमाशबीनों की भीड़ वहां जुट गई और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है।

कोतवाली शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर आज नैमिषारण्य जा रहे यात्रियों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। रोडवेज बस में सीट पर बैग रखने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दरअसल भीड़ ज्यादा थी, रोडवेज बस जैसे ही आई खिड़की से लोग बैग रखने लगे और अपनी-अपनी सीट पर कब्जा जमाने लगे। इस बीच बैग रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद बात कहासुनी से शुरू होकर लात घूंसो तक पहुंच गई और फिर जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट के दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची कोतवाली शहर पुलिस ने दोनों ही पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली शहर ले गई है। 

कोतवाली शहर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडे ने बताया कि दोनों ही पक्षों को थाने लाया गया था, जहां दोनों में आपस में समझौता हो गया। इसके बाद वह दोनों ही चले गए। उन्होंने बताया दोनों ही यात्री नैमिषारण्य जा रहे थे और सीट पर कब्ज़ा करने को लेकर दो पक्षों मे विवाद हुआ था।