अमरीका में 8 नवम्बर को संसद का मध्यावधि चुनाव होने वाला है। अमरीकी जनता उस दिन यह तय करेगी कि अमरीकी संसद-कांग्रेस में डेमोक्रेटिक या रिपब्लिकन पार्टी में से किसका वर्चस्व होगा। मतदान के नतीजों पर राष्ट्रपति बाइडन की सरकार का भविष्य भी निर्भर करेगा।
मतदान की तारीख नज़दीक आने के साथ ही राष्ट्रपति बाइडन अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं। दूसरी ओर, पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रम्प भी प्रचार में पीछे नहीं हैं।
कैलीफोर्निया, इलिनॉय, न्यू मैक्सिको और पेनसिल्वेनिया जैसे राज्यों में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। यह चुनाव दो साल बाद होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।
संसदीय चुनाव में इस बार अर्थव्यवस्था और गर्भपात पर हाल में आया सुप्रीम कोर्ट का फैसला अहम मुद्दा है।