सवायजपुर(हरदोई)- हरपालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत दयालपुर के मजरा नाऊपुरवा में नाराज ग्रामीणों ने टीकाकरण का बहिष्कार कर दिया । राष्ट्रीय कार्यक्रम के बहिष्कार से विभाग सकते में आ गया । जानकारी पर पहुंची चिकित्सकों की टीम के काफी समझाने के बावजूद भी ग्रामीणों ने टीकाकरण नहीं कराया ।
बता दें कि यहां के ग्रामीण बिजली व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं । ग्रामीणों ने बताया कि शासन से तमाम शिकायतों की गयीं लेकिन इसके बाद भी हमारी समस्याओं के निदान के बारे में नहीं सोचा गया । समस्याओं के निदान न होने के कारण उनमें नाराजगी है । ग्रामीणों का कहना है कि हमारे गांव में न बिजली है और न ही सड़क है । जब हमारे लिए सरकार के पास धन व मन नहीं है तो टीकाकरण का ढकोसला क्यों ? ग्रामवासियों में शासन और प्रशासन के प्रति काफी नाराजगी है । गाँव वाले साफ शब्दों में कह रहे हैं कि बिना सुविधाओं के यहाँ कोई भी टीकाकरण नहीं होगा ।