कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना की ग्राम सभा मरेउरा में विगत दो वर्षों से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की साइट में गड़बड़ी के चलते प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। आम जनमानस की समस्या को ध्यान में रखते हुए सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर निराकरण करने का निर्देश दिया।
बताते चलें विकास खण्ड कछौना की ग्राम सभा मरेउरा में विगत दो वर्षों से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की साइट नहीं चल रही है। जिससे आवेदक दर-दर भटकने को विवश हैं। आवेदक के पेंशन फार्म, उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, किसान सम्मान निधि, दुर्घटनाहित लाभ योजनाओं से वंचित हो रहें हैं, जबकि नियमानुसार जन्म व मृत्यु की सूचना 21 दिनों के अंदर ग्राम पंचायत को देना आवश्यक है। ग्राम पंचायत को उसके बाद जारी करने का प्रावधान है। 21 दिनों के बाद प्रक्रिया काफी लंबी हो जाती है। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते आम जनमानस खामियाजा खेल रहें हैं।
इस मामले को ग्राम प्रधान मरेउरा व क्षेत्र पंचायत सदस्य व जागरूक लोगों ने समस्या के बारे में सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल को अवगत कराया, उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरदोई को पत्र लिखकर समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता