नगर के गरीबों के उत्थान एवं भलाई के लिए कार्य करें : नितिन अग्रवाल

गरीब/असहाय की मदद करना मानवता की निशानी : पुलकित खरे

               बाबू श्रीश चन्द्र अग्रवाल बारात घर में नगर पालिका परिषद हरदोई के नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं सभी 26 सभासदों की ओर से नगर के सभी वार्डों के गरीब व असहाय लोगो को कड़ाके की ठंढ में राहत दिलाने हेतु सदर विधायक नितिन अग्रवाल व जिलाधिकारी पुलकित खरे की उपस्थित में कम्बल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
               इस अवसर पर विधायक ने जिलाधिकारी, पालिका अध्यक्ष, अधिशाषाी अधिकारी,सभी सभासदों एवं उपस्थित लोगो को नव वर्ष की बधाई देते हुए कहा कि अध्यक्ष व सभासदों द्वारा किया कार्य सराहनीय है और नगर के गरीब/असहाय लोगो के उत्थान तथा भलाई के लिए उनकी और सहायता करने की आवश्यकता है । जिलाधिकारी ने अध्यक्ष एवं सभासदों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि गरीबों/असहायों की उनकी जरूरत के अनुसार मदद एवं सहायता करना मानवता की निशानी है इस लिए हर व्यक्ति को अपने से गरीब व असहाय की मदद करनी चाहिए । जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्तर पर होने वाले गरीबों के कार्यो में देरी नही की जायेगी और शीघ्रता से सहायता एवं न्याय दिलाया जायेगा ऐसा जल्द ही लोगों को जमीन पर दिखाई देगा ।
             नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ने कहा कि नगर की जनता एवं भलाई के लिए हर सम्भव मदद की जायेगी तथा लोगो को बिजली,पानी एवं अच्छे मार्ग की व्यवस्था दी जायेगी । उन्होने उपस्थित सभासदों,गणमान्य व्यक्तियों तथा आम नगर वासियों से अपील की नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें ताकि नगर को आर्दश नगर बनाया जा सके । कम्बल वितरण कार्यक्रम में आये विधायक, जिलाधिकारी,पालिका अध्यक्ष व सभासदों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम सभी वार्डो के 20-20 गरीब/असहाय लोगों को कम्बल वितरित किये गये ।