विकास खण्ड पिहानी के आदर्श ग्राम रैंगाई में सांसद आदर्श ग्राम मेले का हुआ आयोजन

दीप प्रज्ज्वलित कर डीएम ने किया शुभारम्भ

पिहानी- सौरभ सिंह


विकास खंड पिहानी के आदर्श ग्राम रैंगाई में सांसद आदर्श ग्राम मेले का आयोजन शुक्रवार को हुआ। जिसमें सिंचाई, शिक्षा, समाज कल्याण सहित कई विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उन्हें विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पुलकित खरे ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उपायुक्त समरोजगार प्रमोद कुमार ने मनरेगा से संबंधित सामुदायिक, सामूहिक, आर्थिक व पेंशन संबंधी जानकारियां दीं।

 

उन्होंने बताया कि रैंगाई ग्रामसभा से कुल 468 जॉब-कार्ड के तहत काम हो रहा है। बताया कि अपने काम करने के साथ-साथ मनरेगा के तहत पुरुष व महिलाएं धनार्जन कर सकते हैं। जिसमें साठ घन फुट की खुदाई पर पुरुषों को और 54 घन फुट की खुदाई पर महिलाओं को 175 रुपये मिलेंगे। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने सरकार की प्रमुख चार वृद्धावस्था, निराश्रित महिला, शादी अनुदान व विकलांग जन पेंशन योजना के बारे में विस्तार से बताया। कृषि-इकाई विभाग की ओर से सोलर-पंप की उपलब्धता व उसके अनुदान के बारे में जानकारी दी गयी। बीडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 61 हैंडपम्प हैं, जिसमें से खराब नलों को डीएम ने सेक्रेटरी और प्रधान को इन्हें 3 दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने बिजली चोरों पर भी कार्यवाही करने व जर्जर तारों को बदलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घर-घर शौचालय बनवाने और शिक्षा के प्रति जागरूक होने पर भी जोर दिया।

 

इसी बीच किसानों को कृषि बीजों की किट्स भी दी गईं। किसानों ने शिकायत की कि गांव के दोनों माइनर खराब पड़े हैं, जिससे कृषि में काफी असुविधा होती है। जवाब में अधिशाषी अभियंता ने बताया कि दूसरी लाइन बनवाई जा रही है। मनरेगा के तहत हो रहे काम के बारे में डीएम ने ग्रामीणों से हाथ उठवाकर पुख्ता जानकारी ली। स्कूली बच्चों से भी जिलाधिकारी ने बात की। बैंकर ईश्वरचंद्र ने बीमा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मात्र बारह रुपये में अपना बीमा कराने पर मरणोपरांत 2 लाख तथा पशुओं का 340 रुपये का बीमा कराने पर उसकी मृत्यु हो जाने पर बीमा क्लेम दी जाएगी। ग्रामीणों ने गांव के कब्रिस्तान पर कब्जे को लेकर व अन्य समस्याएं बताईं। गांव के ही राममोहन ने जरौना से अब्दुल्लानगर संपर्क मार्ग बनवाने की बात रखी। जिस पर डीएम ने जांच के बाद कार्यवाही की बात कही। जिलाधिकारी ने साहुल शर्मा से फीता कटवाकर मध्यान्ह भोजन स्थल का उद्घाटन करवाया। जिससे सभी बच्चे खुशी से झूम उठे। बच्चों से पूंछे जाने पर उन्होंने बताया कि जमीन पर बैठकर भोजन करने से कीड़े-मकोड़े गिर जाने का खतरा रहता है। विभिन्न विभागों से आये अधिकारियों ने विविध योजनाओं के बारे में जानकारियां दीं। कार्यक्रम में कई समस्याओं के निस्तारण हेतु डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।