तहसील दातागंज एवं सदर के लेखपालों को जिलाधिकारी ने दी हिदायत

बदायूँ: सरकारी सम्पत्ति से अवैध कब्जे हटवाने, हर हाल में गांव जाने, अविवादित विरासत दर्ज करने जैसे तमाम राजस्व प्रशासन के कार्याें, शान्ति एवं कानून व्यवस्था तथा विकास कार्यों में सहयोग करने के लिए डीएम ने तहसील दातागंज एवं सदर के लेखपालों के जमकर पेंच कसे हैं। उन्होंने हिदायत दी कि दायित्वों के निर्वाहन में किसी शिथिलता को क्षमा नहीं किया जाएगा।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने तहसील दातागंज एवं सदर के लेखपालों एवं कानूनगो के साथ बैठक कर अपनी मंशा से अवगत कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि लेखपाल, सचिव नियमित रूप से रोस्टर के अनुसार गांव में जाएं। जनता से सम्वाद कर उनकी समस्याएं आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। गांव में यदि कोई घटना घटित होती है और उसकी सूचना लेखपाल द्वारा नहीं मिल पाई तो उसकी जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। किसी भी दशा में जहां लेखपाल तैनात हैं, उस गांव की अविवादित विरासत लम्वित नहीं रहना चाहिए। सभी लेखपाल गांव के गणमान्य नागरिकों के मोबाइल नम्बर अपने पास अवश्य रखें। ग्राम प्रधान सचिव के साथ पंचायत घर में ही बैठे। किसी शिकायत की जांच/मौका मुआयने में जाएं तो सचिव और लेखपाल हल्के के सिपाही को भी साथ लेकर जाएं।